किसानों को अब बड़ा झटका लगने वाला है। आपको बता दें कि करीब पिछले एक महीने से भी ज्यादा समय से रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के कारण भारत पर भी काफी असर देखने को मिल रहा है। इस युद्ध से हमारे देश के किसानों को भी काफी बड़ा नुकसान होने वाला है और अब खेती काफी ज्यादा महंगी हो जाएगी।
आपको बता दें कि इस युद्ध के कारण भारत में खेती में प्रयोग होने वाली खादों के रेट बहुत ज्यादा बढ़ रहे हैं। जिसका सीधा असर किसानों के साथ साथ आम आदमी पर भी काफी पड़ेगा। रूस यूक्रेन युद्ध के कारण खादों की सप्लाई बुरी तरह से प्रभावित हो चुकी है और यही कारण है कि खादों की कीमतों में लगातार इज़ाफ़ा देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार रूस दुनिया के सबसे ज्यादा खाद सप्लाई करने वाले देशों में से एक है। लेकिन यूक्रेन के साथ युद्ध के चलते रूस पर बहुत सारे देश आर्थिक प्रतिबंध लगा रहे हैं जिस कारण खाद की स्पलाई बाधित हो रही है। ऐसे में इस युद्ध के शुरू होने से लेकर अब तक उर्वरकों की कीमतों में 10 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल आ चूका है।
आपको बता दें कि उर्वरक के उत्पादन में पोटाश की एक बड़ी भूमिका होती है। कुछ दिन पहले पोटाश खाद की कीमत 1100 रुपए थी जो कि अब बढ़कर 1700 रुपए से भी ज्यादा हो चुकी है। अनुमान है कि अभी इसकी कीमत 2000 रुपए से भी ऊपर जा सकती है। इसी तरह DAP खाद की बात करें तो DAP किसानों को 1200 रुपए में मिलती थी,लेकिन अब इसका रेट 1900 रुपए से ऊपर चला जाएगा।
इसके बाद यूरिया खाद की बात करें तो यह अभी तक किसानों को 266 रुपए में मिल रही थी, लेकिन अब इसका रेट 300 रुपए से ऊपर जाने की संभावना है। अगर यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध इसी तरह जारी रहता है तो खादों के रेट और भी बढ़ सकते हैं जिससे किसानों की लागत बहुत ज्यादा बढ़ेगी।